Monday, June 18, 2012

17 जून 2012 को मैं बापू के आश्रम सेवाग्राम में थी। जाकर बड़ा अच्छा लगा, बापू के जीवन और उनके कार्यों को नजदीक से देखने का अवसर मिला। प्राकृतिक आवास और पक्षियों के कलरव को सुनकर मन प्रफुल्लित हो उठा। गांधी जी ने अपने जीवन काल में चार आश्रम बनाएं। दो दक्षिण अफ्रीका में (फिनिक्स और टॉलस्ट्राय) और दो भारत में (साबरमती और सेवाग्राम) में है। सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें से तीन आश्रम सरकार के अधीन में है, सिर्फ सेवाग्राम आश्रम ही ऐसा है जो आज भी ट्रस्ट द्वारा संचालित किया जा रहा है। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भरसक प्रयास किए कि ये आश्रम भी सरकार के अधीन हो जाए, लेकिन ट्रस्ट के सदस्यों ने मन कर दिया। जबकि उन्होंने इसके लिए पांच करोड़ रुपए का प्रस्ताव भी रखा था। आश्रम में जो सुकून और शान्ति मिली, वह शहरी परिवेश और दैनिक जीवन से कोसों दूर चली गई।

गांधी और उनके विचारों को वाकई आत्मसात करने का मन आपने बनाया है तो सबसे पहले सेवाग्राम जाएं। वहां गांधी जी के अनुयाईयों को काम करते देखें, उनके दर्शन को समझें। गांधी जी के निवास स्थान को करीब से देखें। गांधी साहित्य को पढ़ें और उसका मनन करें। गांधी जी धनोपार्जन करने को पाप समझते थे, लेकिन आजकल हर एक व्यक्ति धनोपार्जन में लगा हुआ है। सभी कुछ गांधी जी के विचारों के अलट हो रहा है। उन्होंने समाज को बदलने की पूरी कोशिश की, लेकिन जब समाज नहीं बदला तो उन्होंने स्वयं को बदल लिया। गांधी दर्शन से जुड़ी और उनके जीवन संघर्ष की कहानी बयां करती कुछ तस्वीरें पेश कर रहे हैं, जो उनके जीवन वृत्त को दर्शाती हैं। गांधी जी के आश्रम में मनुष्य, पशु  और पक्षी बगैर किसी भय के यूं ही विचरण करते रहते थे, जो आज भी कर रहे हैं। आश्रम में ही गाय, बैल रहते हैं जो खेती में सहायता करते हैं और उनसे प्राप्त होने वाले दूध-दही का उपयोग आश्रम के लोगों द्वारा किया जाता है। इतना ही नहीं गोबर का इस्तेमाल खाद के रूप में और गोबर गैस के लिए होता है। आश्रम में पकने वाला खाना आश्रम के खेतों से मिलने वाली सामग्री से ही तैयार किया जाता है। सभी पूरी मेहनत और लगन से काम करते हैं। जैविक खेती से ही सभी कुछ उगाया जाता है चाहे अनाज हो या तरकारी। फलों के पेड़ भी आश्रम में हैं। बेल के पेड़ों की संख्या बहुत अधिक है। इसमें लगने वाले बेल से चूर्ण तैयार किया जाता है जो आश्रम के बिक्री केन्द्र पर बेचा जाता है। इससे होने वाली आय को आश्रम के हित में उपयोग किया जाता है। जन सहयोग से आश्रम अच्छी तरह से चल रहा है। मैंने भी आश्रम में लगे बेल फल का आनन्द लिया और आश्रम में ही भोजन किया। वहां के खुशहाल परिवेश में सात्विक भोजन करने का आनन्द अलग है।
कैसे पहुंचे सेवाग्राम-
अगर आप भी सेवाग्राम पहुंचने का मन बना रहे हैं, तो नागपुर से होकर दक्षिण में जाने वाली रेलगाड़ी में सफर करिए और सेवाग्राम स्टेशन पर उतरकर दस किलोमीटर की दूरी आॅटो रिक्शा से तय करने के बाद आप सीधे आश्रम पहुंच सकते हैं। आश्रम तक जाने वाले आटो प्रति सवारी के हिसाब से 15 रुपए लेते हैं और आपको आश्रम के गेट पर ही छोड़ते हैं।
यात्री निवास-
अगर आपको बापू के आश्रम में अधिक दिन रुकना है और उनके जीवन को समझकर आत्मसात करना है तो यात्री निवास में ठहर सकते हैं। यात्री निवास आश्रम के सामने ही बना हुआ है। यहां पर 50 रुपए में आपको कमरा मिल जाएगा। खाना आश्रम में ही बनाया जाता है। बगैर मिर्च का सात्विक भोजन मिलता है। 30 रुपए में आप इसका भी स्वाद ले सकते हैं। साधना का सही स्थान है सेवाग्राम आश्रम। सत्य, अहिंसा, श्रम का सही पाठ सीखने को मिलेगा।

0 comments:

Post a Comment